बल्लभगढ़। ऊंचा गांव निवासी युवक पर तीन आरोपियों ने चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपी युवक को घर से बात करने के लिए बुलाकर ले गए थे। युवक की हालत गंभीर है। उसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। इसको लेकर पुलिस को सूचना दे दी है।
आदर्श नगर निवासी बबली राठौर पत्नी विमल राठौर ने बताया कि 27 दिसंबर को उनका बेटा हेमंत राठौर (22) घर पर था। इस दौरान अनिकेत नाम का युवक उनके घर पर आया और हेमंत को बात करने के लिए बुलाकर ले गया। आदर्श नगर गली नंबर 10 में बने राठी पार्क में ले गए, जहां पहले से अजय और हर्ष मौजूद थे। आरोप है कि तीनों से उनके बेटे के ऊपर चाकुओं से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक लहूलुहान हालत में किसी तरह घर पहुंचा। इसके बाद उसको उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में लेकर गए, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने की वजह से रेफर कर दिया। युवक का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। इसको लेकर पुलिस को सूचना दे दी गई है। परिजनों को कहना है कि कुछ दिन पहले उनके बेटे हेमंत का अजय के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।







