श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार रात मुठभेड़ के दौरान चोरी की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस से बचकर दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान गिरने से एक आरक्षी भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार भिनगा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह को सूचना मिली थी कि भिनगा जंगल में अंटा तिराहे से जानकीनगर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू की।
पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान एक आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। बचाव के दौरान आरक्षी प्रवीण पांडेय गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वर्गावर्गी के गोबार निवासी मंगरे प्रसाद के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने मंगरे प्रसाद और भिनगा नगर के हनुमानगढ़ी निवासी लूची को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी लूची से पूछताछ में फरार आरोपियों की पहचान हनुमानगढ़ी निवासी गिरीश बहेलिया और गोबार निवासी शिवकुमार जायसवाल उर्फ दुबे के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
जेवर और नकदी समेत हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, दो खोखे, चाकू, चोरी के जेवर, नकदी, कपड़े और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान भिनगा, सिरसिया और सोनवा थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित है।
घायल आरोपी और आरक्षी को उपचार के लिए भिनगा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एएसपी चंद्रकेश सिंह और सीओ भरत पासवान ने अस्पताल पहुंचकर दोनों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ मामले की आगे की जांच कर रही है।







