शिमला। राजधानी शिमला में एक युवती के निजी वीडियो की कथित तौर पर बिना अनुमति रिकॉर्डिंग कर उसे ब्लैकमेल करने और सोशल मीडिया व वेबसाइटों पर प्रसारित करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर सिरमौर निवासी 21 वर्षीय अंकुश चौहान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय युवती ने महिला पुलिस थाना बीसीएस शिमला में 12 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसके निजी वीडियो की स्क्रीन रिकॉर्डिंग बिना अनुमति की गई और बाद में उसी सामग्री के आधार पर उसे ब्लैकमेल किया गया। युवती ने वीडियो को विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की कोशिश किए जाने की भी शिकायत की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 15 अगस्त को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल फोन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिमांड में पूछताछ जारी
आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 17 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो की रिकॉर्डिंग किस तरीके से की गई, उसे ऑनलाइन साझा करने का प्रयास कैसे किया गया और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
शिमला पुलिस ने कहा है कि महिलाओं की निजता और गरिमा से जुड़े मामलों में पीड़िता की पहचान की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ब्लैकमेलिंग या निजी सामग्री के दुरुपयोग की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।







