बुलंदशहर। कोतवाली सिकंदराबाद क्षेत्र में गुलावठी रोड पर रविवार रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे 50 वर्षीय राजमिस्त्री लियाकत की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उनका खून से लथपथ शव चारपाई पर मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया गया कि मुर्गी फार्म के पास रहने वाले लियाकत रविवार रात बिजली नहीं होने के कारण मकान के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सुबह जब परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें चारपाई पर मृत अवस्था में देखा तो सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने रात्रि गश्त को लेकर पुलिस पर सवाल भी उठाए।
लियाकत परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके पांच बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें तीन बेटे और दोनों बेटियां अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ सिकंदराबाद दीपक तिवारी ने बताया कि फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमों को लगाया गया है और जल्द आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।







