दिल्ली। मथुरा में पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे कुख्यात बदमाश वसीम लम्बू को उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर टीम पर फायरिंग की और मौके से फरार होने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई डीसीपी आकांक्षा यादव की निगरानी में इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व वाली टीम ने की। मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी के बाजू में भी गोली लगी। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, वसीम लम्बू को 10 अगस्त को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस टीम उसे दिल्ली लेकर लौट रही थी। इसी दौरान मथुरा पहुंचने पर आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल कथित तौर पर छीन ली और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।
फायरिंग के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे घेर लिया। जवाबी फायरिंग में वसीम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, वसीम लम्बू पर हत्या, लूट और हथियारों की तस्करी समेत करीब 119 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस मथुरा में हुई घटना के साथ-साथ उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।







