नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज ने 12 साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मनोरंजन कंदासमी (62) को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2014 से पटियाला हाउस कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित था और नामक्कल जिले के तिरुचेंगोडे में झूठी पहचान बनाकर पोल्ट्री फार्म का बिजनेस चला रहा था।
मामला वर्ष 2007 का है, जब मंदिर मार्ग थाने में चोरी की शिकायत के बाद आरोपी मनोरंजन कंदासमी को पकड़ा गया था। उसके पास से कई नामचीन राजनीतिक दलों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के जाली व खाली लेटरहेड बरामद हुए थे। फर्जी दस्तावेज मिलने पर उसके खिलाफ जालसाजी का अलग केस दर्ज किया गया था। जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने रिश्तेदारों व दोस्तों से पूरी तरह संपर्क खत्म कर लिया।
क्राइम ब्रांच की टीम ने एसीपी सतेंद्र मोहन के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर महिपाल सिंह के नेतृत्व में आरोपी को पकड़ने के लिए डिजिटल सर्विलांस और कॉल रिकॉर्ड्स का सहारा लिया। लगभग एक महीने तक चले तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने तमिलनाडु में उसके सक्रिय मोबाइल नंबर को ट्रेस किया और सरहद पर स्थित एक गोदाम में दबिश देकर उसे दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि जेल जाने के डर से उसने अपना ठिकाना बदला और तमिलनाडु में परिवार के साथ नया काम शुरू कर लिया था।







