हापुड़: उत्तर प्रदेश की हापुड़ पुलिस ने नए हाईवे के हरोड़ा फ्लाईओवर के पास से बिजली के खंभों से तार चोरी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के चार सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 247 किलो से अधिक चोरी का तार, 40 हजार रुपये नकद, एक कार, मोटरसाइकिल, नौ बंडल तार, अवैध हथियार और तार काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों (मोनिश, अरबाज, नाजिम, नौशाद और जमशेद) ने कुबूल किया कि वे हापुड़ के अलावा गाजियाबाद, मेरठ, संभल और अमरोहा में भी बिजली तार चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी बंद पड़ी और नई बन रही बिजली लाइनों को निशाना बनाकर खंभों से तार काट लेते थे और फिर कबाड़ी नौशाद को बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।







