नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र से ऑनर किलिंग (झूठी शान की खातिर हत्या) का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। शादी से पहले बेटी के गर्भवती होने से नाराज पिता ने सामाजिक बदनामी के डर से उसकी नृशंस हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को पीसीआर कॉल के जरिए एक युवती के अपहरण और हत्या की जानकारी मिली थी। मामला दर्ज कर जब जांच आगे बढ़ाई गई तो पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं। आरोपी पिता लखपत सिंह ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर बेटी को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
वह युवती को जबरन उत्तर प्रदेश के आगरा ले गया, जहां बसोनी क्षेत्र के पास चंबल नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी गई।
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता और उसके रिश्तेदार दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल युवती का शव बरामद नहीं हो पाया है, जिसकी तलाश में स्थानीय प्रशासन की मदद से चंबल नदी और आसपास के इलाकों में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।







