नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली का कालकाजी इलाका सोमवार दोपहर उस वक्त दहल उठा, जब दिनदहाड़े एक 16 वर्षीय स्कूली छात्र की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात दोपहर करीब दो बजे की है, जब छात्र स्कूल खत्म होने के बाद अपने घर वापस लौट रहा था। बीच रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी हेमंत तिवारी खुद भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ कर रही हैं। हालांकि हत्या के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच में पुलिस इसे आपसी रंजिश से जुड़ा मामला मानकर हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।







