ग्रेटर नोएडा – ग्रेटर नोएडा जोन में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार रात शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक स्तर पर विशेष जांच अभियान चलाया, जिसके तहत सैकड़ों लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
यह अभियान पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) साद मियां खान के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान सड़कों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खुलेआम शराब पीते हुए कुल 383 लोगों को पकड़ा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
थाना-वार हुई कार्रवाई
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र से 42, बीटा-2 से 28, दादरी से 52, जारचा से 32, कासना से सबसे अधिक 75, ईकोटेक-प्रथम से 14, दनकौर से 62, जेवर से 62 और रबूपुरा थाना क्षेत्र से 16 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर जोर
डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना न केवल कानून-व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि इससे आम लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी वजह से यह अभियान चलाया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून तोड़ने वालों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। आने वाले दिनों में भी इस तरह के सघन चेकिंग अभियान जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अनुशासन का माहौल बना रहे।







