नई दिल्ली- कोंडली पुल क्षेत्र में शनिवार देर रात एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक की पहचान 32 वर्षीय जय प्रकाश के रूप में हुई है, जो ओल्ड कोंडली इलाके का रहने वाला है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एलबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल से सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में घायल युवक ने बताया कि कोंडली पुल के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। हालांकि गंभीर चोटों के चलते वह विस्तृत बयान देने की स्थिति में नहीं था।
डॉक्टरों के मुताबिक युवक को कई गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।







