पानीपत – पानीपत में शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां शहर के बाहरी इलाके में जंगल से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव अर्धनग्न हालत में मिला, जबकि चेहरे और सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







