कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। शहर के बीच स्थित थीम पार्क में एक अज्ञात युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। युवक का सिर धड़ से अलग मिला, जबकि सिर मौके से गायब है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सुबह पार्क के पास से गुजर रहे लोगों ने घास में पड़ा धड़ देखा, जिसके समीप एक धारदार हथियार भी पड़ा था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर थाना कृष्णा गेट प्रभारी बलजीत सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय अस्पताल के मोर्चरी हाउस भिजवा दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में युवक के कटे हुए सिर की तलाश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या की यह वारदात बेहद नृशंस मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।







