आगरा। उत्तर प्रदेश में ऑनर किलिंग की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक सेवानिवृत्त दरोगा ने अपनी ही 33 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर प्रेम संबंध के चलते हत्या कर दी। आरोप है कि बेटी के प्रेम विवाह के इरादे से नाराज पिता ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर न सिर्फ उसकी जान ली, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शव को इटावा में यमुना नदी में फेंक दिया।
मृतका की पहचान अंशु यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंशु का फिरोजाबाद निवासी अनुराग यादव से प्रेम संबंध था, जो रिश्ते में उसका दूर का भतीजा लगता था। पिता रणवीर इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। 24 अक्टूबर की रात अंशु ने सोशल मीडिया पर अपने प्रेम संबंध को सार्वजनिक कर दिया, जिससे परिवार में तनाव और बढ़ गया।
पुलिस जांच के अनुसार, अगले ही दिन सुबह पिता ने बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी और बेटे की मदद से शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची गई और शव को यमुना नदी में फेंक दिया गया। मामला उजागर न हो, इसके लिए पिता ने थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी।
इस बीच, अंशु के प्रेमी अनुराग यादव ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर मामले की जांच की मांग की। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ शुरू की तो आरोपी पिता दबाव में आ गया और शव फेंके जाने की जानकारी दी। पुलिस की टीम इटावा में यमुना किनारे पहुंची, जहां कई दिन की तलाशी के बाद एक कंकाल और कुछ कपड़े बरामद हुए। कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अंशु यादव के रूप में की गई।
पुलिस ने हत्या के आरोप में पिता रणवीर, उसके बेटे और एक रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शव को ठिकाने लगाने में सहयोग करने के आरोप में मृतका की मां और अन्य महिला रिश्तेदारों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







