बिहार। सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र में चोरों ने दो बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। दोनों परिवार शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए थे, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर घर में रखी कीमती वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला: हटियागाछी में जेवर व नकदी पर सेंध
हटियागाछी मोहल्ले में रहने वाली रजनी देवी के घर में तब चोरी हुई जब वह 24 नवंबर को अपनी बहन की बेटी की शादी में सिमरी बख्तियारपुर गई थीं। घर लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का टूटा ताला और अंदर बिखरे सामान को देखकर चोरी का पता लगाया।
घर में रखे गोदरेज और ट्रंक तक तोड़ डाले गए थे। रजनी देवी की बेटी की शादी दो महीने बाद होनी थी, जिसके लिए लगभग 5 लाख रुपये के सोने–चांदी के गहने तैयार कर घर में रखे थे। इसके साथ ही महिला समूह से लिए गए 1 लाख रुपये नकद भी वहीं रखा था। चोर पूरे 6 लाख रुपये मूल्य के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।
दूसरा मामला: पटेल नगर पथ में मोबाइल–लैपटॉप की चोरी
दूसरी वारदात पटेल नगर पथ स्थित काली निवास भारत नामक मकान में हुई। यहां किराए पर रहने वाले जय कृष्ण कुमार 23 नवंबर की रात मधेपुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वापस लौटकर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और चोर मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य जरूरी सामान चुरा ले गए।
पुलिस ने की कार्रवाई शुरू
दोनों घटनाओं की शिकायत सहरसा सदर थाना में दर्ज कराई गई है। सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की जांच जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।







