प्रयागराज- जार्जटाउन क्षेत्र में चिंतामणि रोड पर एक महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। देर रात ड्यूटी समाप्त कर जब पीड़िता अपनी साथी महिला डॉक्टर के साथ घर लौट रही थी, तभी स्कूटी सवार एक युवक पीछे से आया और अभद्र हरकत करने लगा। विरोध करने पर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता 25 वर्षीय जूनियर डॉक्टर है, जो मूल रूप से रायबरेली के लालगंज क्षेत्र की रहने वाली है और फिलहाल जार्जटाउन में किराए पर रहती है। घटना गुरुवार रात करीब 9:50 बजे हुई, जब वह और उसकी सहकर्मी अस्पताल से लौट रही थीं। विंटेज हट के पास अचानक स्कूटी पर आया युवक लगातार छींटाकशी करने लगा, जिससे दोनों डॉक्टर घबरा गईं।
दोनों ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी उन्होंने अन्य साथी डॉक्टरों को दी, जो तुरंत वहां पहुंच गए और पीड़िता के साथ थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलते ही जार्जटाउन पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और तीन-तीन पुलिसकर्मियों की दो टीमें बनाकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगभग 35 कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक करने के बाद एक युवक बिना हेलमेट गलियों में स्कूटी घुमाता मिला, जिससे पहचान की पुष्टि हुई।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है, और मामले में आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।







