बरेली- बरेली में पुलिस ने डोडा छिलका तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को पकड़ा है। दोनों आरोपी बाइक से अवैध माल लेकर पीलीभीत की ओर जा रहे थे, तभी बारादरी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके पास से 20 किलो से अधिक डोडा छिलका जब्त किया है।
शनिवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिलने पर बारादरी पुलिस ने दिव्यानी लान क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध दिखे दो बाइक सवारों को रोका गया। पूछताछ में युवकों ने अपना परिचय फरीदपुर के गांव तुमड़िया निवासी वीरपाल और गोविंदपुर के वीरेंद्र के रूप में दिया।
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव की मौजूदगी में की गई तलाशी में दोनों के बैगों से करीब 20.80 किलो डोडा छिलका बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान वीरपाल ने स्वीकार किया कि उसने यह माल बदायूं क्षेत्र के किसानों से खरीदा था और पीलीभीत के बरखेड़ा में सप्लाई करने जा रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।







