मेरठ। सोशल मीडिया पर हुई जान-पहचान एक युवक के लिए मुसीबत बन गई। अमरोहा की एक युवती पर मेरठ निवासी शिक्षक के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से क्रेडिट कार्ड बनवाने और 6.3 लाख रुपये का लोन लेने का आरोप लगा है। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र के बागपत रोड निवासी विवेक ने बताया कि वह सिविल सेवा परीक्षा की कोचिंग चलाते हैं। मार्च 2024 में उनकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से अमरोहा निवासी एक युवती से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर दोनों के बीच दोस्ती हो गई।
विवेक के अनुसार, जून 2024 में युवती उनसे मिलने मेरठ आई और मुरादाबाद में बैंक खाता खुलवाने के नाम पर उसे कुछ दस्तावेजों की जरूरत बताई। उसने विवेक से गवाह के तौर पर हस्ताक्षर करवा लिए और उनके पैन व आधार कार्ड की फोटो कॉपी ले ली।
कुछ महीने बाद विवेक को बैंक से क्रेडिट कार्ड भुगतान को लेकर फोन आने लगे, तब उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। जांच में सामने आया कि युवती ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए विवेक को अपना पति दिखाकर 6.3 लाख रुपये का लोन ले लिया था।
विवेक ने बताया कि जब उन्होंने युवती से इस बारे में बात की तो उसने उन्हें धमकाने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा।
उन्होंने सोमवार को एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच टीपीनगर पुलिस को सौंपी गई है। मामले की सच्चाई सामने आने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







