गुरुगाम- सेक्टर-40 इलाके में एक युवक को पिंजरे में पकड़े गए चूहे को सड़क पर छोड़ना भारी पड़ गया। मामूली सी बात पर पड़ोसी परिवार ने युवक के साथ जमकर मारपीट की। पूरी घटना सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना सेक्टर-40 की अर्बन एस्टेट कॉलोनी की है, जहां रहने वाले राकेश चुटानी ने पुलिस को बताया कि 14 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे उन्होंने अपने घर में पकड़े गए एक चूहे को पिंजरे से निकालकर सड़क पर छोड़ दिया था। इसी बात को लेकर पड़ोसी बीके भारद्वाज और उनके दो बेटों ने राकेश से विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि बात-बात में विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों ने मिलकर राकेश का गला पकड़कर धक्का-मुक्की की और मारपीट की। यही नहीं, उसे धमकी भी दी गई कि भविष्य में दोबारा चूहा सड़क पर छोड़ा तो अंजाम गंभीर होगा।
राकेश चुटानी ने घटना के बाद सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में इलाज कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें पांच अलग-अलग चोटें लगने की पुष्टि की। उन्होंने घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिया है।
जांच अधिकारी पुरुषोत्तम ने जानकारी दी कि फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल घटना की गहन जांच जारी है।







