ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय विहार सोसाइटी में रविवार शाम कार निकालने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने गोली चला दी, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोसायटी के भीतर पार्किंग को लेकर दो निवासियों के बीच पहले बहस हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंचा। इसी दौरान एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली एक व्यक्ति के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
बीटा-2 थाना प्रभारी के अनुसार, विवाद कार निकालने को लेकर हुआ था। फायरिंग करने वाले आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया गया है, और घटना में इस्तेमाल की गई कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी तथ्यों की बारीकी से जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







