नई दिल्ली। भलस्वा डेयरी इलाके में मामा द्वारा अपने भांजों पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी मामा जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में रोहन की मौत हो गई जबकि उसका भाई रोहित गंभीर रूप से घायल है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि परिवार के भीतर चल रहे तनाव और हालिया झगड़े के कारण यह हत्या की घटना हुई।
पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि यह वारदात 14 सितंबर की रात लगभग 11.05 बजे हुई। बाबू जगजीवन राम अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल अस्पताल पहुँची। रोहन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहित का अस्पताल में इलाज जारी है।
घायल रोहित ने पूछताछ में बताया कि उनका मामा अविवाहित है और डी ब्लॉक, गुरु नानक देव कॉलोनी में अपनी वृद्ध मां के साथ रहता है। परिवार के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। 14 सितंबर को पिता से हुए झगड़े के बाद रोहन और रोहित अपने मामा से बात करने गए थे, इसी दौरान कहासुनी के दौरान मामा ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह यादव ने मामले की पूरी जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं।







