नोएडा- शाहगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने बुधवार को रेलवे में कार्यरत एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। मामला तब उजागर हुआ जब किशोरी को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की उम्र मात्र 13 वर्ष है और घटना लगभग पांच महीने पुरानी है। पीड़िता खेत में काम कर रही थी, तभी आरोपी युवक ने उसे अकेला पाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे धमकाया कि यदि उसने किसी को बताया, तो उसे बदनाम कर देगा और जान से मार देगा। डर और सामाजिक दबाव के चलते किशोरी चुप रही।
मंगलवार को तबियत बिगड़ने के बाद परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहाँ उसकी गर्भावस्था की जानकारी मिली। परिजनों के पूछने पर किशोरी ने पूरी आपबीती बताई।
इसके बाद परिवार सीधे थाना शाहगंज पहुंचा और मामला दर्ज कराया।
थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। उसके खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
फिलहाल, पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और आगे की जांच जारी है।







