पाकिस्तानी नंबर से आया धमकी भरा मैसेज, परिवार की तस्वीरें भी भेजीं
हरियाणा। करनाल के सेक्टर-13 निवासी कारोबारी पुरषोतम बंसल से पाकिस्तानी नंबर से व्हाट्सऐप पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। संदेश में उनके परिवार की तस्वीरें भी भेजी गईं और बेटे को निशाने पर बताया गया। जिस नंबर से मैसेज आया, उसकी डीपी पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और एक अन्य व्यक्ति की फोटो लगी हुई थी। इस घटना के बाद परिवार दहशत में है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
एसपी को दी शिकायत में बंसल ने बताया कि 8 अगस्त को वे चंडीगढ़ से लौट रहे थे। उसी दौरान सुबह 11:18 बजे पाकिस्तानी कंट्री कोड (+92) से उनके मोबाइल पर मैसेज आया। आरोपी ने दो करोड़ रुपये की मांग करते हुए जानमाल का नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। संदेश में उनके बेटे सहित अन्य परिजनों की तस्वीरें भी भेजी गईं।
पीड़ित ने तुरंत संदिग्ध नंबर को ब्लॉक कर दिया और धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंप दिए। उनका कहना है कि फैक्ट्री और व्यापार के चलते परिवार का बाहर आना-जाना लगा रहता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
करनाल में बढ़ रहे रंगदारी के मामले
पिछले 16 महीनों में जिले में रंगदारी और फायरिंग की 15 वारदातें सामने आ चुकी हैं। पुलिस ने स्थानीय स्तर के 31 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, लेकिन वारदातों के पीछे नामजद गैंगस्टरों तक अब तक नहीं पहुंचा जा सका है। लॉरेंस बिश्नोई, भानू राणा, काला राणा, बंबीहा, दिलेर कोटिया, गोल्डी बराड़ और कौशल चौधरी जैसे गैंगस्टरों के नाम इन मामलों में सामने आ चुके हैं।
2025 में अब तक दर्ज प्रमुख घटनाएं
5 जनवरी : काका राणा गैंग ने राज ज्वेलर्स मालिक के घर फायरिंग कर 1 करोड़ की रंगदारी मांगी।
7 जनवरी : काका राणा गैंग ने जेएमडी शोरूम पर फायरिंग कर रंगदारी मांगी।
2 जून : भानू राणा व भाऊ गैंग के शूटरों ने नागपाल मोबाइल शोरूम के बाहर फायरिंग की और पैसे की मांग की।
एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर दी गई है। पीड़ित से सबूत ले लिए गए हैं और पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।







