शादी के बाद से ही सद्दीक व गुल्फशा के बीच अनबन रहती थी। बीती 25 सितंबर को गुल्फशा के पिता जहरूद्दीन ने इस संबंध में थाने में शिकायत भी की थी। एक माह पहले गुल्फशा अपने मायके चली गई। जहां उसने अपने मायके वालों से पति द्वारा अपनी हत्या की आशंका जाहिर की थी। जिस पर गुल्फशा के परिजनों ने उसे ससुराल भेजने से इंकार कर दिया था। इस पर सद्दीक के परिजन रिश्तेदार व समाज के लोगों के साथ जाकर समझौता कराकर बहू को मायके से वापस ससुराल ले आये थे। 2 नवंबर को गुल्फशा की पति से कहासुनी हो गई। मकान के ऊपर वाले कमरे में सद्दीक ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और खुद थाने में जाकर आत्म समर्पण कर दिया। घटना के बाद से आरोपी के परिजन घर से फरार हैं।
इस संबंध में देर शाम मृतका के पिता जहरुद्दीन की ओर से तहरीर दी गई है, जिस पर मुकदमा लिखे जाने की तैयारी हो रही है। वहीं मोहल्ले में इस हत्या को लेकर चर्चा है। कस्बे में भी इसको लेकर गहमागहमी है। जहरूद्दीन ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी मुनीश ने घटना की जानकारी उसे दी थी। ससुरालीजन उसकी हत्या के बाद मौके से फरार हो गए थे। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा लिखा जा रहा है। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पति से पूछताछ जारी है।







