दिल्ली- दक्षिण-पूर्व दिल्ली के बदरपुर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब गौतमपुरी क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ छापेमारी करने गई स्पेशल स्टाफ टीम पर शराब माफिया कैलाश सांसी और उसके साथियों ने हमला कर दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी — सिपाही सतबीर और लाखन — घायल हो गए। सिपाही सतबीर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला सोमवार देर रात का है। जानकारी के अनुसार, जिले की स्पेशल टीम ने जब कैलाश सांसी के घर पर दबिश दी, तो वह अपने साथियों के साथ मिलकर विरोध में उतर आया और टीम पर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार दोपहर मुख्य आरोपी कैलाश, उसकी पत्नी सीता, बेटे समीर और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया।
जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई आबकारी अधिनियम के मामले दर्ज हैं। कैलाश की पत्नी सीता भी लंबे समय से उसके साथ अवैध शराब कारोबार में शामिल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी खुलेआम इलाके में शराब बेचते थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस वक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची, उस समय कैलाश और उसके साथी घर की सीढ़ियों पर ही शराब बेचते पकड़े गए। पूछताछ के दौरान कैलाश ने मौके पर मौजूद भीड़ को पुलिस टीम पर हमला करने के लिए उकसाया, जिसके बाद लाठियों और ईंटों से हमला किया गया।
पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान इलाके में भारी तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि इस ऑपरेशन में करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात थे। हालांकि, छापे के वक्त आरोपी परिवार का एक हिस्सा फरार हो गया था।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।







