नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में सोमवार रात एक 17 वर्षीय नाबालिग को तीन हमलावरों ने गोली मार दी। पीड़ित युवक की पहचान एमसीडी कॉलोनी निवासी आर्यन के रूप में हुई है। उसे दो गोलियां लगी हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल उसका इलाज सिविल लाइन्स स्थित ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
पुलिस को सोमवार रात करीब 10:14 बजे सिविल लाइन्स ट्रॉमा सेंटर से नाबालिग को गोली मारे जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची आदर्श नगर थाना पुलिस को पता चला कि हमले के पीछे आपसी रंजिश का मामला हो सकता है।
आर्यन की मां नीतू ने बताया कि वह रात में बेटे आर्यन, परिचित रंजीता और निखिल के साथ एमसीडी कॉलोनी के फुट ओवर ब्रिज के पास फुटपाथ पर खड़ी थीं। सभी घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन युवक — लड्डू, शमशेर और शानू (तीनों निवासी जहांगीरपुरी) वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में आर्यन को दो गोलियां लगीं। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। फिलहाल आर्यन ट्रॉमा सेंटर में ज़िंदगी की जंग लड़ रहा है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







