दिल्ली की निजी कंपनी में काम करने वाला युवक गर्लफ्रेंड्स को इम्प्रेस करने के लिए बना चोर, 48 घंटे में दबोचा गया
नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर क्षेत्र में एक निजी कंपनी के अकाउंटेंट ने विश्वासघात करते हुए कंपनी की तिजोरी से 35 लाख रुपये चुरा लिए। आरोपी, जिसकी कई गर्लफ्रेंड हैं, ने उन्हें प्रभावित करने और लग्ज़री कार खरीदने के लिए इस अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर उसे उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।
पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मानेसर निवासी विवेक राज उर्फ साहिल (23) के रूप में हुई है। वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। 24 मई को कर्मपुरा, मोती नगर स्थित दफ्तर से 35 लाख रुपये चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह फील्ड ऑफिसर है और भुगतान के लिए नकद राशि दफ्तर की अलमारी में रखकर लाजपत नगर स्थित दूसरे ऑफिस चला गया था। उस समय कार्यालय में केवल विवेक मौजूद था। जब वह लौटे, तो विवेक और पैसे दोनों गायब थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत कार्रवाई शुरू की और थाना प्रभारी वरुण दलाल के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की, जो आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) में पाई गई। विवेक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर सक्रिय था, जिससे उसकी उपस्थिति की पुष्टि हुई।
पुलिस टीम ने आजमगढ़ के करीब 40 होटलों की तलाशी ली और अंततः मंगलम होटल में विवेक को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक बैग में रखे गए 34.98 लाख रुपये भी बरामद किए गए। पूछताछ में विवेक ने बताया कि वह ग्रेजुएट है और अपनी लाइफस्टाइल को लेकर बेहद दिखावापसंद है। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसकी कई गर्लफ्रेंड हैं, जिन्हें प्रभावित करने और महंगी कार खरीदने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।







