मोदीनगर (गाजियाबाद)- निवाड़ी (उत्तर प्रदेश): कस्बा पतला नगर पंचायत अध्यक्ष रीता चौधरी के पति देवेंद्र कुमार को अज्ञात नंबर से विदेशी कॉल के ज़रिए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर से आतंकी बने गोल्डी बराड़ बताया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विदेशी नंबर से आई धमकीभरी कॉल
शिकायत के अनुसार, धनतेरस के दिन देवेंद्र कुमार के मोबाइल पर एक अनजान व्हाट्सएप कॉल आई। कॉलर ने खुद को गोल्डी बराड़, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 5 करोड़ रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई।
देवेंद्र कुमार ने बताया कि चार दिनों में दो बार कॉल और मैसेज आए। कॉलर ने पहले तो धनतेरस की रात में संदेश भेजा —
“अभी दिवाली मना ले, उसके बाद पांच करोड़ तैयार रख, नहीं तो गोली मिलेगी।”
फिर गोवर्धन पूजा की सुबह करीब 9:26 बजे उसी नंबर से दोबारा कॉल आई। आरोपी ने खुद को फिर “गोल्डी बराड़” बताते हुए दोहराया कि अगर रकम तय समय में नहीं दी गई, तो अंजाम भुगतना पड़ेगा।
पुलिस में शिकायत, साइबर टीम जुटी जांच में
रालोद नेता और नगर पंचायत अध्यक्ष रीता चौधरी ने पति के साथ मिलकर तुरंत डीसीपी ग्रामीण जोन से शिकायत की।
निवाड़ी थाना पुलिस ने देवेंद्र कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की साइबर सेल टीम कॉलर की लोकेशन और नंबर की डिटेल खंगाल रही है।







