हरिद्वार। हरिद्वार में इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट करने के बाद एक युवक को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। साइबर पोर्टल पर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ऑडियो क्लिप की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया धमकी दिए जाने की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया से जुड़ा एक मामला पुलिस तक पहुंचा है। शिकायतकर्ता चिराग दवानी, जो शहर के एक होटल में कार्यरत हैं, ने साइबर पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर रील साझा करने के बाद उन्हें मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत में चिराग दवानी ने बताया कि आरोपी दीपक गुप्ता उर्फ बंटी पहले उसी होटल में कार्यरत था। अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार की शिकायतों के चलते होटल प्रबंधन ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दी थीं। इसके बाद से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के साथ उपलब्ध कराई गई ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में फोन पर धमकी देने के आरोप सही पाए गए। इसके आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







