जीरा (पंजाब)- जीरा के अवान रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान रणबीर सिंह उर्फ राणा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय तक विदेश में रहा और करीब सात वर्ष बाद घर लौटा था। परिवार का आरोप है कि उसकी अनुपस्थिति के दौरान उसकी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध बन गए थे। घर लौटने के बाद इस बात को लेकर दंपती के बीच विवाद बढ़ता गया।
मृतक की मां ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद और तनाव के चलते रणबीर मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। उनका यह भी कहना है कि संपत्ति को लेकर भी घर में विवाद हुआ था। इन परिस्थितियों से आहत होकर रणबीर ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







