रोहतक- सुनारिया जेल रोड पर मीट मार्केट के पास बुधवार सुबह एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। सड़क किनारे खुले मैदान में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत बेहद भयावह थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या बड़ी बेरहमी से की गई है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब पौने आठ बजे सूचना मिली थी कि बाईपास के पास एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि युवक का गला किसी तेजधार हथियार से काटा गया था। इतना ही नहीं, उसके पेट पर भी वार किए गए थे। शव के पास शराब की बोतल और कुछ खाने-पीने का सामान भी बरामद हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसकी पहचान रामनगर निवासी मोहित के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, मोहित आर्य नगर में एक ढाबे पर काम करता था। मंगलवार रात उसे किला रोड के पास गीता मार्केट इलाके में देखा गया था, लेकिन वह देर रात सुनसान इलाके में कैसे पहुंचा, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







