तंत्र क्रिया के दौरान बिगड़ी महिला की हालत, गांव में तनाव; आरोपी झाड़-फूंक करने वाला खुद पहुंचा थाने, ग्रामीणों ने मंदिर के बाहर शव रखकर किया प्रदर्शन
आजमगढ़। पहलवानपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला की तंत्र विद्या के इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना कंधरापुर थाना क्षेत्र में बीती रविवार रात की है, जिसने पूरे गांव को गुस्से में ला दिया।
मृतका अनुराधा (35), पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। शादी के एक दशक बाद भी संतान सुख नहीं मिलने पर उसके परिवार ने झाड़-फूंक की राह पकड़ी। इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति, जो खुद को तांत्रिक बताता है, ने 22 हजार रुपये लेकर समाधान का दावा किया।
परिजनों का कहना है कि झाड़-फूंक के दौरान महिला के साथ बर्बरता की गई। आरोप है कि उसे पीटा गया, गला दबाया गया और नाली का गंदा पानी तक पिलाया गया। जब स्थिति गंभीर हुई तो आरोपी उसे जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद आरोपी सीधे थाने गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं दूसरी ओर, जब मौत की खबर गांव में पहुंची तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने महिला का शव उस मंदिर के सामने रख दिया, जिसे कथित तांत्रिक ने खुद बनवाया था, और देर रात तक प्रदर्शन किया।
पुलिस रातभर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की कोशिश करती रही, लेकिन गांववालों की मांग थी कि पहले आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। आखिरकार, सोमवार सुबह पुलिस के समझाने पर परिजन राज़ी हुए और शव को अंततः पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी व्यक्ति लंबे समय से झाड़-फूंक का काम कर रहा था और कई लोग उसके पास इलाज के लिए आते थे। बताया जाता है कि उसने तंत्र विद्या से जुड़े कार्यों के जरिए काफी पैसा कमाया और गांव में एक मंदिर भी खड़ा किया। उसका दावा था कि वह लोगों की परेशानियों को खत्म कर सकता है — चाहे वह संतान की कामना हो या किसी पर “बुरा असर”।
पुलिस ने मृतका के परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी तांत्रिक, उसकी पत्नी और दो अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
एसपी सिटी मधुबन सिंह ने कहा, “मामला दर्ज कर लिया गया है, जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। झाड़-फूंक की आड़ में ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।”







