इटावा। सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने गुरुवार को पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पिटाई के दौरान बेरहम पति बीच-बीच में पत्नी को बोतल से बूंद-बूंद पानी भी पिला रहा था। वायरल वीडियो में रोंगटे खड़े कर देने वाला पूरा घटनाक्रम सामने आया। घटना चौबिया थाना क्षेत्र के खेड़ा हेलू गांव में हुई। उधर, मायके वालों ने महिला की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस चारपाई से गिरकर सिर में चोट लगने से मौत बता रही है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत की बात सामने आई है।
मैनपुरी जिले के कैथ गांव निवासी बदन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने बेटी रेनू (30) का विवाह खेड़ा हेलू गांव निवासी अजीत से किया था। बताया कि गुरुवार सुबह दामाद अजीत ने फोन करके बेटी रेनू की मौत की सूचना दी। इतनी बात कहकर उसने फोन काट दिया। जब वह परिवार वालों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे तो पति व ससुराली मौके से भाग गए थे। आरोप है कि बाइक और 50 हजार रुपये की मांग को लेकर पति व अन्य ससुराली रेनू के साथ मारपीट करते थे। कई बार ससुरालियों को समझाने का प्रयास भी किया।







