पानीपत- सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब पुलिस कार्रवाई के दौरान दो लोगों ने थाने परिसर में हंगामा कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी सुभाष के अनुसार, डायल 112 पर लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक ने आरोप लगाया कि दो व्यक्तियों ने उससे पैसे छीने हैं। पुलिस ने मौके से दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
थाने में किया विरोध
पुलिस का कहना है कि थाने पहुंचने के बाद दोनों ने विरोध जताते हुए शोर-शराबा शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और एक कर्मचारी की वर्दी भी फाड़ दी गई।
अशोभनीय हरकत का आरोप
पुलिस के मुताबिक, समझाने के प्रयास के दौरान दोनों ने अशोभनीय आचरण किया, जिसके बाद उनके खिलाफ अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और संबंधित तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।







