ग्रेटर नोएडा। बिसरख पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नौ बाइक, दो स्कूटी और दो चाकू बरामद किए हैं। यह गिरोह नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और कई मामलों में वांछित चल रहा था।
एडीसीपी संतोष कुमार के मुताबिक, पुलिस को रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बाइक के साथ गिरोह के सदस्य सुपरकास्ट के पास कच्ची सड़क पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर घेराबंदी की गई और मौके से तीनों आरोपी—विनय उर्फ छोटा राजा, विपिन उर्फ कलुआ और सुमित उर्फ नेपाली—को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान विनय और विपिन के पास से चाकू भी बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एनसीआर के कई इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे और उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर बरामद की गई नौ बाइक और दो स्कूटी विभिन्न थानों में दर्ज चोरी की एफआईआर से मेल खाती पाई गई हैं।
गिरफ्तार विनय उर्फ छोटा राजा पर बादलपुर, बिसरख, साउथ ईस्ट दिल्ली और गाजियाबाद में कई मामले दर्ज हैं। वहीं विपिन उर्फ कलुआ के खिलाफ क्रॉसिंग रिपब्लिक, बिसरख और दिल्ली-गाजियाबाद में मुकदमें पंजीकृत हैं। तीसरा आरोपी सुमित उर्फ नेपाली भी कई वाहन चोरी मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।







