मीरजापुर। कोतवाली देहात व एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा 18 लाख के हेरोइन के साथ मोटरसाइकिल सवार दो शातिर लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन द्वारा लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 को सकुशल एवं निर्बाध रुप से सम्पन्न कराने तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने हेतु अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ , अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की निर्माण, तस्करी व बिक्री पर अंकुश लगाते हुए संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी, बरामदगी एवं प्रभावी कार्यवाही करने हेतु जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्षगण को निर्देश दिये गये है।
निर्देश के अनुक्रम में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरूद्ध लगातार अभियान चलाकर की जा रही कार्यवाही के क्रम में थाना कोतवाली देहात व एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देहात कोतवाली पुलिस व एसओजी, सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार क्षेत्रांतर्गत रेलवे ओवर ब्रिज शाहपुर चौसा मोड़ बरकछा कलां के पास से बाइक सवार पिन्टू सोनकर पुत्र स्व. सीताराम निवासी बरकछा कलां, सुभाष कुमार पुत्र विशुन प्रसाद उर्फ नान्हक निवासी ग्राम मानधातापुर बरकछा कलां को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पिन्टू सोनकर के पास से 80 ग्राम अवैध हेरोइन व सुभाष कुमार के पास से 75 ग्राम हेरोइन, इस प्रकार कुल 155 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद किया गया है।
हेरोइन तस्करों द्वारा पूछताछ में बताया गया कि वह लोगों द्वारा मांग के अनुसार गैर प्रान्त से हेरोइन लाकर जनपद के विभिन्न स्थानों पर छोटी-छोटी पुडिय़ा बनाकर बिक्री करते है तथा बिक्री के पैसे को आपस में बांटकर भौतिक सुख सुविधाओं का लाभ लेते हैं।







