वाराणसी। वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परेड कोठी के पास स्थित एक होटल में महिला समेत दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों आठ फरवरी को वाराणसी पहुंचे थे और होटल में ठहरे हुए थे।
प्राथमिक जांच में दोनों की मौत विषाक्त पदार्थ के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक आपस में भाई-बहन बताए जा रहे हैं और मूल रूप से हैदराबाद के निवासी हैं। हालांकि, आत्महत्या के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी चेतगंज, प्रभारी निरीक्षक सिगरा और रोडवेज चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं और होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की गहन जांच जारी है।







