फरीदाबाद- फरीदाबाद के आईएमटी क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों हाल ही में इलाके में फायरिंग और रंगदारी की घटनाओं में शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च को इन आरोपियों ने चंदावली गांव के पास एक शराब के ठेके पर गोलीबारी कर हिस्सेदारी की मांग की थी। इसी दिन उन्होंने मच्छगर गांव में एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर भी फायरिंग की और भारी रकम की मांग की थी।
बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आईएमटी इलाके में किसी नई वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जहां दोनों बदमाश बाइक पर आते हुए पकड़े गए। इस दौरान मुठभेड़ भी हुई, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से इलाके में हो रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।







