चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बैरियों जंगली में वर्ष 2024 में पुलिस वाहन पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उस हमले में शामिल था, जिसमें दो पुलिसकर्मियों की जान चली गई थी।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य आरोपितों और संगठन की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
बता दें कि सात फरवरी 2024 को पुलिस टीम पोस्ता की अवैध खेती नष्ट करने के अभियान से लौट रही थी। इसी दौरान बैरियों जंगली इलाके में टीएसपीसी उग्रवादियों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी थी। हमले में आरक्षी सुकन राम और आरक्षी सिकंदर सिंह की मौत हो गई थी, जबकि आरक्षी आकाश सिंह घायल हुए थे।
पुलिस ने इस मामले में टीएसपीसी कमांडर आक्रमण गंझू समेत शशिकांत गंझू, हरेंद्र गंझू, कुणाल उर्फ कुलदीप गंझू, जेठा उर्फ राजदेव गंझू, हरिवंश, लक्ष्मण गंझू, छोटू गंझू, सोहन गंझू, भुनेश्वर गंझू, सुरेश गंझू और जीवलाल भुइयां को नामजद किया था।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस हमले में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।







