परिजन खेत से लौटे तो कमरे में लटके मिले दोनों के शव, पुलिस जांच में जुटी
बिहार। छपरा जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के मोती छपरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक और सदमे में डूबो दिया। यहां दो नाबालिग प्रेमी युगलों ने संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरा गांव मातम में बदल गया।
घटना के समय घर में कोई वयस्क मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि दोनों की उम्र करीब 15 वर्ष थी। जब लड़की के वृद्ध दादा खेत से लौटकर घर आए और कई बार आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर दोनों बच्चों के शव एक ही रस्सी से पंखे से लटके मिले, जिसे देखकर उनकी चीख निकल गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर सहाजितपुर थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच शुरू की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। शुरुआती जांच में आत्मघाती कदम के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
गांव में गम और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है। परिवारजन घटना से बदहवास हैं, जबकि ग्रामीण इस दुखद घटना को लेकर तरह-तरह के अनुमान लगा रहे हैं।







