अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित टीकाराम कन्या महाविद्यालय में सोमवार सुबह बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा कॉलेज परिसर के एनसीसी कार्यालय में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। छात्रा के हाथ और शरीर पर गहरे जख्म के निशान थे। उसे तत्काल एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
भाई ने लगाया आरोप बहन पर हुआ जानलेवा हमला
घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे। छात्रा के भाई अभिषेक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलेज परिसर में किसी ने जानबूझकर उसकी बहन पर जानलेवा हमला किया है। उनका कहना है कि छात्रा स्वयं अपनी नस नहीं काट सकती। अभिषेक ने बताया कि सोमवार सुबह वह खुद अपनी बहन को कॉलेज छोड़कर गया था।
सीसीटीवी ख़राब, ABVP ने लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। हालांकि परिजनों का आरोप है कि कई सीसीटीवी कैमरे खराब हैं, जिससे सच्चाई सामने लाने में परेशानी हो रही है। इसको लेकर परिजन और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता नाराज़गी जताते हुए कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
छात्रा ने दो लोगों द्वारा हमला करने की कही बात
पुलिस मामले की जांच कई संभावित एंगल्स से कर रही है, जिनमें व्यक्तिगत रंजिश, प्रेम प्रसंग या कॉलेज से जुड़े विवाद शामिल हो सकते हैं। छात्रा ने होश में आने के बाद पुलिस को संक्षेप में बताया कि वह कॉलेज पहुंची और कुछ देर बाद उसे ऐसा महसूस हुआ कि दो लोग उस पर हमला कर रहे हैं। इसके बाद वह बेहोश हो गई और जब होश आया तो हाथ में कट था और काफी खून बह चुका था। घटनास्थल पर खून के निशान देखे गए हैं।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें एनसीसी कार्यालय में छात्रा के घायल मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत उसे अस्पताल भिजवाया गया और पुलिस को सूचित किया गया। छात्रा का इलाज जारी है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।







