ऋषिकेश। पर्यटन नगरी ऋषिकेश में राफ्टिंग के दौरान पर्यटक से मारपीट का मामला सामने आया है। राफ्टिंग गाइड पर अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) के विन्ध्याचल क्षेत्र की रहने वाली आयुषी ने मुनि की रेती थाना में दी तहरीर में बताया कि वह दोपहर करीब दो बजे अपने साथियों के साथ ऋषिकेश घूमने पहुंची थी। रामझूला पार्किंग के सामने स्थित हिमालयन एक्सपेडियन नामक राफ्टिंग एजेंसी से उन्होंने राफ्ट बुक की थी।
आयुषी के अनुसार राफ्टिंग के दौरान उसके साथ तीन अन्य युवक—विशाल, कार्तिक और वंश (निवासी लक्सर, हरिद्वार) भी मौजूद थे। आरोप है कि राफ्टिंग के दौरान रामझूला के पास पहुंचते ही करन नाम के गाइड ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और चप्पू से हमला कर उसे नदी में धक्का दे दिया। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे पीड़िता को चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी गाइड के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है, साथ ही अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।







