फरीदाबाद। बल्लभगढ़ सेक्टर-62 के रहने वाले मेडिकल स्टोर संचालक ने 20 लाख रुपये का कर्ज उतारने के लिए दुकानदार के बेटे की फिरौती मांगने की नीयत से अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे को बेहोश करने के लिए नशीला इंजेक्शन का इस्तेमाल किया था। नशीली दवा की मात्रा अधिक होने के चलते बच्चे की मौत हो गई। आरोपी ने शव को खुर्दबुर्द करने की नीयत से गांव प्रहलादपुर माजरा के पास से गुजर रही आगरा नहर में फेंकने कोशिश की, लेकिन बच्चे का शव झाड़ियों में अटक गया। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्टर-62 निवासी उमेश चंद की परचून की दुकान है। उनके दो बेटे हैं, बड़ा बेटा कुश 8वीं कक्षा का छात्र है। वहीं, छोटा बेटा गगन तीसरी कक्षा में पढ़ता है। 13 जून को शाम 6:30 बजे के करीब उसका बेटा 13 वर्षीय कुश अपनी दुकान से पड़ोस की दुकान पर बर्फ लेने के लिए साइकिल लेकर निकला था। बच्चा जब बर्फ लेकर काफी समय तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने ढूंढना शुरू कर दिया। 10 मिनट तक जब बच्चा घर नहीं आया तो मां प्रियंका अपने बच्चे को खोजने के लिए निकली। उसके कुछ समय के बाद परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए, लेकिन उनके बेटे कुश का कहीं कुछ पता नहीं चला।







