हरदोई। बेनीगंज थाना क्षेत्र के करीमनगर में एक युवक अपने मामा के साथ प्रतापनगर जा रहा था। तभी रास्ते में जमुनिया जंगल के पास तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े उसको गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक की इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भिजवाया है। एसपी नीरज कुमार जादौन समेत मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार ,बेनीगंज थाना क्षेत्र के करीमनगर निवासी निर्मल सिंह अपने मामा गुरमीत सिंह के साथ बाइक से प्रतापनगर जा रहे थे। जब वह जमुनिया के जंगल के रास्ते में पहुंचे तो उनको बाइक सवार तीन लोग आते हुए दिखाई दिए। जिन्होंने दिनदहाड़े उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें सरदार निर्मल सिंह के गोली लगी और वह नीचे गिर पड़े। इस घटना से निर्मल सिंह के मामा गुरमीत सिंह घबरा गए। उन्होंने आनन- फानन में पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एम्बुलेंस से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भिजवाया है जहां उनका इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हडक़ंप मचा हुआ है।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि सरदार निर्मल सिंह अपने मामा गुरमीत सिंह के साथ प्रतापनगर जा रहे थे। तभी रास्ते में जमुनिया जंगल के पास उनके ऊपर फायरिंग की पुलिस को सूचना मिली। जिसमें निर्मल सिंह घायल भी हुए है। जिनको इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भिजवाया गया है। मामले में पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच में जुटी है। हालत स्थिर होने पर निर्मल सिंह से भी बात की जाएगी। जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जायेगा।







