नई दिल्ली- उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 इलाके में सोमवार को एक थेरेपी सेंटर के भीतर सनसनीखेज हमला हुआ। सेंटर संचालिका दिव्या पर उनके जीजा ने चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत डॉ. बी.आर. अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना दोपहर करीब 12 बजे वेस्ट मेगा मॉल की बिल्डिंग में स्थित थेरेपी सेंटर में हुई। आरोप है कि जय प्रकाश यादव नामक व्यक्ति महिला के वेश में सेंटर के अंदर दाखिल हुआ और अचानक धारदार हथियार से हमला कर फरार होने की कोशिश करने लगा। घायल दिव्या के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे।
हमले के बाद आरोपी इमारत की छत पर पहुंच गया, जहां उसने कपड़े बदलकर बैग में रखे और पास की छतों के रास्ते भागने लगा। हालांकि स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर उसे एक मकान की छत से पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चाकू और महिला परिधान बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी नजफगढ़ का रहने वाला है और कोचिंग सेंटर में शिक्षक के रूप में कार्यरत है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी से उसका वैवाहिक विवाद चल रहा है और मामला अदालत में विचाराधीन है। परिजनों का आरोप है कि घायल महिला अपनी बहन का साथ दे रही थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।







