पटना। राजधानी पटना के नदी थाना क्षेत्र में गंगा किनारे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कच्ची दरगाह के पास सड़क किनारे चार माह के एक मासूम बच्चे का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, वहीं पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बच्चे के धड़ की तलाश शुरू कर दी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात स्थानीय लोगों ने गंगा किनारे एक स्थान पर बच्चे का कटा हुआ सिर देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की। जिस तरह से सिर को धड़ से अलग किया गया है, उसे देखकर लोग आशंका जता रहे हैं कि मासूम की बेरहमी से हत्या की गई है। कुछ स्थानीय लोगों ने इसे नरबलि या किसी तांत्रिक गतिविधि से भी जोड़कर देखा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
हालांकि पुलिस फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। नदी थाना प्रभारी का कहना है कि कुछ मामलों में परिजन बच्चे की मृत्यु के बाद शव को गंगा में प्रवाहित कर देते हैं और संभव है कि किसी जानवर द्वारा शव को खींचकर किनारे ला दिया गया हो। बावजूद इसके, हत्या की आशंका को भी पूरी तरह नकारा नहीं गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को मौके पर बुलाया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से सिर अलग किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। आसपास के थानों से लापता बच्चों की सूची भी मंगाई जा रही है, ताकि बच्चे की पहचान की जा सके।
फिलहाल कटे हुए सिर को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।







