रायबरेली/मुंबई। रोज़गार की तलाश में मुंबई गए रायबरेली के एक युवक की मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
गदागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर धई गांव निवासी कमाल पुत्र इदरीस मुंबई में रहकर काम कर रहा था। बीते 1 जनवरी को किसी विवाद के चलते गांव के ही कुछ लोगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। हमले में कमाल को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के चलते उसका कई दिनों तक इलाज चला, लेकिन 5 जनवरी को उसने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों की तहरीर पर मुंबई के घाटकोपर थाने में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद 7 जनवरी को कमाल का शव उसके पैतृक गांव जलालपुर धई लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। मृतक के भाई कसीन ने बताया कि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे परिवार में आक्रोश है।
महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम गांव पहुंचकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं गदागंज थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि घटना मुंबई की है, जबकि शव गांव लाया गया है और स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग किया जा रहा है।







