मेरठ। कस्बा निवाड़ी में सोमवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर कॉलोनी निवासी इस्लामुद्दीन ने अपनी बेटी अफसार का निकाह तीन साल पहले कस्बा निवाड़ी निवासी आरिफ से किया था। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज से नाखुश थे और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर अफसार को लगातार प्रताड़ित करते थे। कई बार उसकी पिटाई भी की गई।
सोमवार रात परिवार को सूचना मिली कि अफसार की मौत हो गई है। मायके वाले जब निवाड़ी पहुंचे तो उन्होंने अफसार का शव कमरे में बेड पर पड़ा देखा। गुस्साए परिजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया और हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जांच शुरू कर दी है।







