इटावा | शहर के गाड़ीपुरा मोहल्ले में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक मासूम बच्चे का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान 8 वर्षीय आहिल पुत्र शहंशाह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने शव को कुत्तों द्वारा नोचते देखा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्राथमिक जांच में बालक के गले पर धारदार हथियार से कट का निशान पाया गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
तीन साल पहले दिल्ली से लाया गया था वापस
मृतक के चाचा आरिफ के अनुसार, आहिल की मां का निधन कई साल पहले हो गया था, जिसके बाद उसे ननिहाल पक्ष दिल्ली ले गया था। लगभग तीन वर्ष पूर्व उसके पिता शहंशाह उसे वापस इटावा ले आए थे। परिवार में इस घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है।
आरिफ ने बताया कि शुक्रवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने घर के पास ही सड़क किनारे आहिल का शव पड़ा होने की सूचना दी। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो देखा कि शव को कुत्ते नुकसान पहुंचा रहे थे, जिससे दृश्य अत्यंत भयावह हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक यशवंत ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







