नई दिल्ली। शाहबाद डेरी इलाके में सोमवार को ट्यूशन जा रहे पांच साल के बच्चे के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप एक दस साल के बच्चे पर लगा है। पीड़ित के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित बच्चे का मेडिकल करवाने के बाद पुलिस मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। पीड़ित बच्चा अपने परिजनों के साथ शाहबाद डेरी इलाके में रहता है। परिवार वालों के मुताबिक, सोमवार दोपहर को वह ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रहा था। गंदे नाले के पास उसे आरोपी मिला।
उसने उसे रोक लिया और अपने साथ एक झुग्गी में ले गया। आरोपी उसके साथ गलत काम करने लगा। बच्चे ने इसका विरोध किया और चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आस पास की झुग्गी में रहने वाले लोग वहां पहुंचे और आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। लोगों ने पीड़ित बच्चे के परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। परिवार वालों ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से की। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।






